हावड़ा के पिलखाना में फुटपाथ अतिक्रमण पर कार्रवाई, गोलाबाड़ी पुलिस ने डाले हटाने के दिए निर्देश
हावड़ा के पिलखाना इलाके में फुटपाथों पर बने अस्थायी डाले और दुकानों को हटाने का निर्देश गोलाबाड़ी पुलिस ने जारी किया। प्रशासन ने यातायात और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई शुरू की।
हावड़ा, 16 मई 2026। हावड़ा के पिलखाना इलाके में फुटपाथ अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गोलाबाड़ी पुलिस ने आज इलाके में वर्षों से अस्थायी दुकानों और ढाँचों के सहारे व्यवसाय कर रहे लोगों को फुटपाथ खाली करने और अस्थायी डाले हटाने का निर्देश जारी किया।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से इलाके के फुटपाथों पर अस्थायी दुकानें, टीन शेड और अन्य ढाँचे बने हुए थे। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, यह कदम इलाके में व्यवस्था सुधारने, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने और आम नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। पुलिस की ओर से दुकानदारों को निर्धारित समय के भीतर स्वयं अपने अस्थायी ढाँचे हटाने को कहा गया है।
फुटपाथों पर लंबे समय से रोजगार कर अपना जीवन-यापन कर रहे लोगों का कहना है कि प्रशासन कुछ वैकल्पिक व्यवस्था करे, ताकि हमारे रोजगार पर प्रतिकूल असर न पड़े। फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अतिक्रमण हटाने को लेकर और भी अभियान चलाए जा सकते हैं।
What's Your Reaction?

