सोनिया गांधी की किताब : प्रेमकथा से आगे भारतीय लोकतंत्र के सवाल
सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ केवल उनके निजी जीवन और राजीव गांधी के साथ प्रेम-संबंधों की कहानी नहीं है। इसमें भारतीय राजनीति, लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता, सत्ता के केंद्रीकरण और विपक्ष की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण प्रश्न भी सामने आते हैं। आखिर इस किताब के राजनीतिक निहितार्थ क्या हैं और मौजूदा कांग्रेस के लिए यह कितनी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है? एक आलोचनात्मक दृष्टि से इस पुस्तक और उसके राजनीतिक संदर्भों को समझने का प्रयास।
एक किताब, अनेक राजनीतिक प्रसंग और भारतीय लोकतंत्र के भविष्य से जुड़े असहज सवाल
भारतीय संसद में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ ने अपने प्रकाशन से पहले और बाद में भारतीय राजनीति में जिस तरह की हलचल मचा दी है, वह वाकई गौरतलब तो है ही, किंचित विस्मयकारी भी कही जा सकती है; क्योंकि इस वक्त कांग्रेस अपने संपूर्ण जीवनकाल के बेहद बुरे दौर से गुजर रही है।
कहना गलत नहीं होगा कि मौजूदा सत्ताहीन कांग्रेस के निराश-हताश सिपाहियों सहित कांग्रेस के तथाकथित मुख्य-प्रमुख सभी सिपहसालारों के लिए सोनिया गांधी की यह किताब संजीवनी-बूटी साबित हो सकती है, बशर्ते तमाम कनिष्ठ-वरिष्ठ कांग्रेसजन अपनी आपसी टुच्ची गुटबाजी से बाहर निकलकर सिर्फ कांग्रेस के बारे में थोड़ा सोच-विचार करने की जिम्मेदारी समझ सकें।
सोनिया गांधी की यह किताब सिर्फ आत्मकथन नहीं है। यह किताब सोनिया गांधी की कथित जीवनगाथा भी नहीं है। ‘A Journey of Love’ को मात्र राजीव-सोनिया की प्रेम-कहानी समझकर पढ़ा जाना भी उचित नहीं कहा जाएगा।
इस किताब में भारतीय राजनीति से संबंधित ऐसे कई प्रमुख प्रश्न-प्रसंग हाजिर हैं, जिनका सीधा-सीधा संबंध देश के भविष्य से जुड़ा है। वे लिखती हैं कि विविधताओं वाले इस देश में एक धर्म और एक भाषा थोपने की साजिश रची जा रही है।
थोड़ी देर के लिए माना जा सकता है कि शाहबानो प्रकरण पुराने बही-खातों में दर्ज होकर हौले-हौले कदमों से खत्म हो चुका है। यह भी माना जा सकता है कि अयोध्या-ध्वंस की व्यथा-कथा भी अब खरामा-खरामा बीते दिनों का कोई भयानक घटनाक्रम हुआ चाहती है।
लेकिन क्या इन्हें भुला पाना इतना सहज-सरल हो सकता है, जैसे कभी कुछ हुआ ही नहीं हो? क्या परंपरागत वर्ग विशेष से जुड़े ये परंपरागत मुद्दे इतने सहज-सरल कहे जा सकते हैं कि भारतीय लोकतंत्र, भारतीय राजनीति, भारतीय संविधान और भारतीय धर्मनिरपेक्षता इत्यादि से अब इनका कोई भी रिश्ता-नाता नहीं रह गया है?
कुल जमा 526 पन्नों की इस किताब में लेखिका श्रीमती सोनिया गांधी ने अपने बचपन से लेकर कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से भेंट-मुलाकात, स्नेह-सहयोग-संवाद, उनकी हत्या और भारतीय राजनीति में अपने प्रवेश सहित मेनका गांधी प्रकरण तक का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया है।
उन्होंने अपनी किताब में लिखा है कि नरेंद्र मोदी सरकार की लोकप्रियता समाप्त हो गई है और इसका पतन निश्चित है। सरकारी घोषणाएं निरंतर अविश्वसनीय होती जा रही हैं। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के चरम शिखर से जनता त्रस्त है। भाजपा के विभाजनकारी शासन और दमनकारी नीतियों की वजह से आम जनजीवन परेशानी का सामना कर रहा है।
सोनिया गांधी किताब में लिखती हैं कि मोदी सरकार जल्द ही चली जाएगी। मौजूदा सरकार सत्ता के दुरुपयोग की वजह से अधिकतम बदनाम हो चुकी है। सरकार की झूठी कहानियों और मनगढ़ंत बातों का लोग-बाग मजाक उड़ा रहे हैं।
वर्ष 1936 में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने खुद अपनी आत्मकथा लिखी थी। बाद उसके, प्रधानमंत्री बनने के बाद और प्रधानमंत्री पद पर आसीन रहते हुए श्रीमती इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों से परिपूर्ण एक ‘टाइम कैप्सूल’ (काल-पात्र) भारत भूमि की गहन गहराई में उतरवाकर देश-दुनिया को चकित कर दिया था।
सोनिया गांधी की इस किताब में पक्षपाती मीडिया और वोटचोरी जैसे आरोपों को भी लपेटा-समेटा गया है। यही नहीं, श्रीमती सोनिया गांधी ने दृढ़तापूर्वक भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए आरोपित किया है कि यह सरकार विधिसम्मत व्यवस्थित लोकतांत्रिक प्रतिरोध को कुचल रही है।
उन्होंने भाजपा सरकार को विभाजनकारी, अधिनायकवादी और आरएसएस के वर्चस्व वाली व्यापक भ्रष्टाचारी सरकार करार दिया है, जो कि संसद में विपक्षी संसदीय दल की अध्यक्ष का मौजूदा लोकतांत्रिक व्यवस्था में मौलिक अधिकार है।
इसी वर्ष दिसंबर में अस्सी वर्ष की होने जा रही श्रीमती सोनिया गांधी की इस किताब में ऐसे कई उदाहरण और सवाल हैं, जो अप्रिय हो सकते हैं और जिनसे असहमति जताई जा सकती है। लेकिन फिर भी सोनिया गांधी की इस किताब को एक किताब की तरह पर्याप्त सम्मान सहित पढ़ा जाना चाहिए। यही लोकतांत्रिक व्यवस्था का आग्रह है।
What's Your Reaction?

