प्रयागराज में नए कमिश्नर का बड़ा एक्शन, 7 थाना प्रभारी हटे; 7 एसीपी के कार्यक्षेत्र बदले
प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने बड़ा फेरबदल करते हुए 7 थाना प्रभारियों को हटाया। 7 एसीपी के कार्यक्षेत्र भी बदले गए।
प्रयागराज। नए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया है। सात थाना प्रभारियों को उनके वर्तमान पद से हटाकर पुलिस लाइन अथवा अपराध शाखा/विवेचना सेल भेजा गया है। इनके स्थान पर नए अधिकारियों को थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही सात एसीपी के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। तेजतर्रार अधिकारियों में गिनी जाने वाली निकिता श्रीवास्तव को कोतवाली तथा रवि गुप्ता को धूमनगंज सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रयागराज में पुलिसिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव
पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया के इस फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिन थानों के प्रभारियों को हटाया गया है, उनमें करेली, पूरामुफ्ती, खीरी, होलागढ़, उतरांव, थरवई और मऊआइमा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें कुछ थाना प्रभारी लंबे समय से एक ही थाने की कमान संभाल रहे थे, जबकि कुछ थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग को लेकर शिकायतें और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां सामने आती रही थीं।
करेली और पूरामुफ्ती की घटनाओं से उठे थे सवाल
करेली थाना क्षेत्र में पिछले दिनों मुंबई के एक कपल के कथित सरेआम अपहरण की घटना के बाद पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल उठे थे। वहीं, पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच सरेआम बमबाजी और फायरिंग की घटना ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाई थी। इस मामले में कई आरोपियों के फरार होने की बात सामने आई थी। इसी तरह खीरी थाने के प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह पर एक युवती द्वारा पुलिस जीप में बैठाकर गाली-गलौज करने का आरोप लगाए जाने और कथित ऑडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस की कार्यप्रणाली चर्चा में आई थी।
हटाए गए थाना प्रभारियों को मिली नई जिम्मेदारी
फेरबदल के तहत पूरामुफ्ती के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह को अपराध शाखा, विवेचना सेल भेजा गया है। मऊआइमा के प्रभारी निरीक्षक राममूर्ति यादव और थरवई के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार पाण्डेय को भी अपराध शाखा, विवेचना सेल भेजा गया है। वहीं खीरी के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह, होलागढ़ के प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मिश्रा और उतरांव के थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह को पुलिस लाइन भेजा गया है। करेली के थानाध्यक्ष आशीष सिंह को अपराध शाखा, विवेचना सेल भेजा गया है।
इसके अलावा साइबर अपराध थाना के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण गौतम को भी पुलिस लाइन भेजा गया है।
नए चेहरों को मिली थानों की कमान
फेरबदल के तहत कई नए अधिकारियों को महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी दी गई है।
· साइबर अपराध थाना में तैनात निरीक्षक राकेश कुमार वर्मा को उतरांव का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
· पुलिस उपायुक्त गंगानगर के वाचक सतीश कुमार को होलागढ़ का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
· नवाबगंज थाने के अतिरिक्त निरीक्षक जगदीश कुशवाहा को मऊआइमा की जिम्मेदारी मिली है।
· हंडिया थाने के अतिरिक्त निरीक्षक पंकज सिंह को थरवई का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
· साइबर अपराध थाना में तैनात निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह को साइबर अपराध थाना का कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
· नैनी थाने के अतिरिक्त निरीक्षक चन्द्र प्रकाश सिंह को फाफामऊ का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
· सर्विलांस सेल नगर जोन के प्रभारी सच्चिदानन्द सिंह को करेली का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
· कौंधियारा के थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा को माण्डा का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
· करछना थाने में तैनात उपनिरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय को कौंधियारा का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
· गंगानगर जोन में तैनात वीर प्रताप सिंह को खीरी का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
· फाफामऊ के थानाध्यक्ष शान्तनु सिंह को पूरामुफ्ती का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
कानून-व्यवस्था पर फोकस
पुलिस कमिश्नर के इस व्यापक फेरबदल से साफ संकेत मिलता है कि प्रयागराज में थाना स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को हटाकर नए अधिकारियों को जिम्मेदारी देने के साथ उन थाना क्षेत्रों में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है, जहां अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर चुनौतियां सामने आई थीं। पुलिस महकमे में इस फेरबदल को नए पुलिस कमिश्नर की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी प्राथमिकताओं के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?

