उन्नत भारत अभियान के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण, विद्यासागर विश्वविद्यालय में स्पेनिश कोर्स के प्रमाणपत्र वितरित
विद्यासागर विश्वविद्यालय में उन्नत भारत अभियान के तहत ग्रामीण महिलाओं के लिए ट्रेलरिंग और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण शुरू हुआ। स्पेनिश भाषा कोर्स के विद्यार्थियों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
मिदनापुर, 24 जून। विद्यासागर विश्वविद्यालय में उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत ग्रामीण एवं आंचलिक क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ट्रेलरिंग एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर ने किया।
यह प्रशिक्षण 24, 29 और 30 जून को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का स्वागत वक्तव्य समन्वयक प्रो. नीलांजना दास ने प्रस्तुत किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर ने कहा कि उन्नत भारत अभियान के माध्यम से ग्रामीण एवं आंचलिक क्षेत्रों के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का समग्र विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक आर्थिक और सामाजिक रूप से स्वावलंबी बने।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण महिलाओं के कौशल और दक्षता को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास है। कार्यक्रम विशेष रूप से उन महिलाओं को समर्पित है, जिनके सामने जीवन में अनेक चुनौतियाँ हैं। यह प्रशिक्षण उनकी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
ब्यूटीशियन विशेषज्ञ बनहिशीखा मैत्रा रॉय ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान घरेलू संसाधनों के उपयोग से सौंदर्य-सज्जा की तकनीकें सिखाई जाएंगी। वहीं प्रो. सुदीन बाग ने उत्पाद की गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा विपणन की प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की। आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. मधुमंगल पाल ने पारंपरिक आजीविका को व्यावसायिक स्वरूप देने के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रो. सोमा दास, डॉ. तिप्ती साहा, प्रो. जयदेव माइती, प्रो. निवेदिता साहू एवं डॉ. संजय जायसवाल सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. बर्नाली चक्रवर्ती ने किया जबकि कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर अमृता गुप्ता ने किया।
इसी दिन विश्वविद्यालय के राजनारायण बसु सभाकक्ष में ‘सर्टिफिकेट कोर्स इन कम्युनिकेटिव स्पेनिश’ के सफल विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कोर्स समन्वयक प्रो. इंद्रनील आचार्य ने कहा कि यह पाठ्यक्रम सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रोजगारपरक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा भविष्य में अन्य विदेशी भाषाओं के प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए जाएंगे।
कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय की मूल अवधारणा विश्व को जानने और समझने की है। स्पेनिश भाषा का यह पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय को ऐसे वैश्विक शैक्षणिक केंद्र के रूप में स्थापित करेगा, जहां ज्ञान भौगोलिक सीमाओं से परे होगा।
स्पेनिश भाषा के प्रशिक्षक एवं रामकृष्ण मिशन के विषय विशेषज्ञ जगन्नाथ मजुमदार ने विद्यार्थियों के उत्साह और विश्वविद्यालय के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि भाषा सीखने के लिए धैर्य, परिश्रम और निरंतर अभ्यास अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कई विद्यार्थियों ने स्पेनिश भाषा में अपने विचार भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन आलोलिका सामंत, सौरभ पात्रा और अंकिता राना ने स्पेनिश एवं अंग्रेजी भाषा में किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. देवव्रत मोदक ने दिया।
What's Your Reaction?

