बैरकपुर में आयोजित हुआ संत गाडगे सेवा अवॉर्ड 2026, 40 लोगों का सम्मान
बैरकपुर के सुकांता सदन में संत गाडगे सेवा अवॉर्ड 2026 का आयोजन हुआ। समाजसेवा, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 लोगों को सम्मानित किया गया।
बैरकपुर। सामाजिक सेवा, जनकल्याण और मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने हेतु ‘संत गाडगे सेवा अवॉर्ड 2026’ का भव्य आयोजन बैरकपुर स्थित सुकांता सदन में किया गया। यह कार्यक्रम महान समाज सुधारक एवं जनसेवक संत गाडगे महाराज की प्रेरणादायी स्मृति को समर्पित था। समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में निस्वार्थ सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, करुणा और जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन रेलवे एससी-एसटी एम्पलाई संगठन के जोनल सचिव डॉ. समीर कुमार दास, काकीनाडा केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल मनीष राय, केंद्रीय सचिवालय हिंदी के संयोजक रंजीत प्रसाद, संस्था के सचिव अमित रजक एवं लक्ष्मण रजक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने संत गाडगे महाराज के सामाजिक योगदान, स्वच्छता आंदोलन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के उनके विचारों को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 40 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षा, स्वास्थ्य, जनजागरण और सामुदायिक सेवा से जुड़े लोग शामिल थे। इसके साथ-साथ प्रतिभावान छात्र-विद्यार्थियों को भी सम्मान देकर उनके उत्साहवर्धन का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का सांस्कृतिक आकर्षण बांग्ला सिलचर संस्था द्वारा प्रस्तुत संत गाडगे महाराज के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। इस नाटक ने दर्शकों को संत गाडगे महाराज के संघर्ष, सेवा और सामाजिक चेतना से परिचित कराया तथा उपस्थित लोगों को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया।
इस अवसर पर हीरा रजक, सूरज पासवान, मांपी रजक, गणेश दास, संजय यादव, कुन्दन कुमार सिंह, विमल सपनी, सुशील शर्मा, राजकुमार यादव, रोहित यादव, संतोष साव सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन सविता पोद्दार ने किया। आयोजन के अंत में समाजसेवा और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही गई।
What's Your Reaction?

