हमीरपुर: ₹20 हजार चोरी के आरोप में दरोगा सस्पेंड | Viral Video
हमीरपुर में दारोगा गिरीश मिश्रा पर ट्रक से ₹20 हजार चोरी का आरोप। वीडियो वायरल होने के बाद मुकदमा दर्ज, निलंबन और विभागीय जांच के आदेश।
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से पुलिस विभाग की छवि को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि कानपुर से हमीरपुर आ रहे एक ट्रक में सफर कर रहे दारोगा गिरीश मिश्रा ने ट्रक में रखे ₹20 हजार चुरा लिए। घटना के बाद ट्रक चालक ने दारोगा पर शक होने पर उसका पीछा किया और यमुना पुल के पास पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक और दारोगा के बीच हाथापाई के दौरान दारोगा की वर्दी से ₹500-₹500 के नोट नीचे गिरने लगे। चालक ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से नगदी बरामद करने का दावा किया और आरोपी दारोगा को पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हमीरपुर सदर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) यशपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपी दारोगा गिरीश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
यह घटना एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब विभागीय जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?

