दिवंगत रोहित कुमार सिंह की हत्या पर उबाल: दहेज उन्मूलन महासभा ने परिजनों से की भेंट, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की माँग
दहेज उन्मूलन सह समाज उत्थान सवर्ण महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी रोहित कुमार सिंह की हत्या पर शोक जताने उनके गांव पहुंचे। उन्होंने परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की माँग की। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

आज दिनांक 02 जून 2025 को दहेज उन्मूलन सह समाज उत्थान सवर्ण महासभा न्यास के प्रमुख पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल हजारीबाग ज़िले के बिशनगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम इटावाटांड़ पहुंचा, जहाँ उन्होंने दिवंगत रोहित कुमार सिंह के परिजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की तथा मामले की विस्तृत जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल में न्यासकर्ता सह राष्ट्रीय अध्यक्ष सीडी सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ठाकुर विभूति कुमार सिंह उपस्थित रहे।
स्थानीय ग्रामीणों कृष्ण सिंह और सत्येंद्र सिंह समेत अन्य लोगों ने प्रतिनिधियों को बताया कि रोहित कुमार सिंह की हत्या कर शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से जंगल में फेंक दिया गया। इस संबंध में परिजनों द्वारा बिशनगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सीडी सिंह ने घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा:
"यह एक नृशंस हत्या है। दिवंगत रोहित कुमार सिंह के परिवार के साथ महासभा हर स्थिति में खड़ी रहेगी। दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।"
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल बिशनगढ़ थाना पहुंचा, जहाँ थाना प्रभारी से घटना की विस्तृत जानकारी ली गई। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है और शेष आरोपियों की तलाश जारी है। लगभग एक घंटे तक चली वार्ता में थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराया और उचित न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?






