मिठाई के डिब्बे से मचा बवाल, एएसपी ग्रामीण पर सवाल; जाँच की माँग
अयोध्या में एएसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी द्वारा पदोन्नति की बधाई के दौरान मिठाई का डिब्बा स्वीकार किए जाने को लेकर शिकायत। आजाद अधिकार सेना ने उच्चस्तरीय जाँच की माँग की।
मिठाई के डिब्बे से मचा बवाल, एएसपी ग्रामीण के आचरण पर सवाल, उच्चस्तरीय जाँच की माँग
अयोध्या। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अयोध्या बलवंत चौधरी को पदोन्नति की बधाई के दौरान मिठाई का डिब्बा स्वीकार किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आजाद अधिकार सेना के क्षेत्रीय प्रभारी, मध्य क्षेत्र उत्तर प्रदेश संजय कुमार वर्मा ने इस संबंध में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव/गृह सचिव को शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जाँच कराए जाने की माँग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इंस्टाग्राम पेज ‘राघव सेवा संस्थान’ पर प्रसारित एक तस्वीर में एक व्यक्ति अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी को पदोन्नति की बधाई देते हुए मिठाई का डिब्बा भेंट करता दिखाई दे रहा है। तस्वीर में अधिकारी द्वारा मिठाई का डिब्बा स्वीकार किए जाने का आरोप लगाया गया है। संजय कुमार वर्मा ने इसे सरकारी कर्मचारी के आचरण से जुड़े नियमों के संदर्भ में जाँच योग्य मामला बताते हुए सक्षम स्तर से तथ्यात्मक जाँच की माँग की है।
आरटीआई मामलों और एफआईआर को लेकर भी उठाए सवाल
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सूचना आयोग में लंबित एक दर्जन से अधिक आरटीआई मामलों तथा एएसपी ग्रामीण के आचरण को लेकर की गई शिकायत के बाद उनके विरुद्ध एफआईआर संख्या 0194/2026 दर्ज की गई। उनका दावा है कि यह कार्रवाई उन्हें परेशान करने के उद्देश्य से की गई।
सूचना आयोग में भी लंबित हैं कई मामले
संजय कुमार वर्मा के अनुसार, संजय कुमार वर्मा बनाम जनसूचना अधिकारी, कार्यालय पुलिस अधीक्षक अयोध्या से संबंधित एक दर्जन से अधिक मामले राज्य सूचना आयोग में लंबित हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक इन मामलों पर त्रिसदस्यीय पीठ द्वारा 7 सितंबर 2026 को सुनवाई निर्धारित की गई है।
आजाद अधिकार सेना ने माँग की है कि मिठाई स्वीकार किए जाने से जुड़े मामले सहित शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जाँच कराई जाए। संगठन का कहना है कि यदि जाँच में किसी प्रकार की नियमविरुद्धता या कदाचार प्रमाणित होता है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
What's Your Reaction?

