कविता की प्रतिबद्धता : सत्ता के प्रतिपक्ष में जनतंत्र और जनपक्षधरता

कविता की प्रतिबद्धता, लोकतंत्र, जनपक्षधरता और सत्ता के प्रतिरोध पर मृत्युंजय श्रीवास्तव का विचारोत्तेजक आलोचनात्मक लेख। अरविंद चतुर्वेद की काव्य-दृष्टि का विश्लेषण।

Nov 21, 2026 - 13:59
Nov 21, 2026 - 13:59
 0
कविता की प्रतिबद्धता : सत्ता के प्रतिपक्ष में जनतंत्र और जनपक्षधरता
अरविंद चतुर्वेद

कविता का मौन यानी संवेदना की मृत्यु

कविता चुप नहीं रहती। उसके लिए टुकुर-टुकुर ताकते हुए निरपेक्ष बने रहना संभव नहीं है। वह जानती है कि ऐसा करते ही उसकी मृत्यु की आहट सुनाई देने लगेगी। कविता की मृत्यु या उसका निस्तेज होना महज एक विधा का अवसान नहीं होगा। उसके साथ समाज की संवेदना और प्रतिरोध की ताकत भी क्षीण होगी। कविता महाभारत के संजय की तरह किसी धृतराष्ट्र को घटनाओं का आंखों देखा हाल भर नहीं सुनाती, अंधता का शिकार होते नागरिकों को खबरदार भी करती है। वह उन्हें उनकी वास्तविक स्थिति से रूबरू कराती है और प्रतिरोध के लिए ललकारती है। कविता हुँकार भरकर कहती है :

"उतरा सावन चढ़ गया भादो

मौज मारते दोनों मिलकर अपनी दुनिया में ऊधो-माधो,

तू जैसा था वैसा रह गया बादल-बिजली-बरखा साधो!

भीगे सपनों का बोझ लदा है अकड़ी गरदन तेरे कांधों,

फर्जी विकास की चमचम चादर नदी-बाढ़ में उसे बहा दो!

देखो दैत्याकार खड़ा है उस लाक्षागृह में आग लगा दो,

तेरे आगे रस्ता रोके जो दीवारें खड़ी हो गईं उन्हें ढहा दो।।"

कविता केवल पीड़ित नागरिकों को प्रतिरोध के लिए तैयार नहीं करती, उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी भी होती है। वह सत्ता के साहूकारों का मुखौटा नोचती है। लेकिन उसकी निगाह सत्ता के गलियारों तक ही सीमित नहीं है। वह उन कवियों को भी नहीं बख्शती, जिन्होंने अपनी रीढ़ सत्ता के चरणों में रख दी है।

सत्ता के दरबार में कविता का आईना

सत्ता से लिपटकर चलने वाले इन सावन के अंधों की कमी नहीं है। लटपटिया कवियों का पूरा हुजूम है, जो सत्ता की हर बाँग पर हुआँ-हुआँ करने लगता है। जनता के घर उजड़ें, सपने लुटें और नागरिक अपमान-अभाव में जीने को विवश हों, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उनकी कविता का मौसम सत्ता की कृपा से बदलता है और संवेदना का पैमाना कुर्सी के प्रति उनकी लिप्सा तय करती है। ऐसे कवियों की असलियत उजागर करते हुए कविता उन्हें अपने तराजू पर तौलती है :

"कुर्सी है तेरी महबूबा!

प्यार-मोहब्बत तू क्या जाने पद-मद में रहता है डूबा।

घर टूटे या लूटे कोई तुमको तो सब लगे अजूबा,

मुर्गा बाँग दे रहा आगे उसके पीछे-पीछे दौड़े चूजा,

हाँ जी-हाँ जी तू ही तू है, तेरे आगे कौन है दूजा।

पब्लिक जैसे-तैसे रह ले जस तरबूजा-तस खरबूजा,

कवि जी तुम दरबारी निकले तुमसे भला तो है भड़भूजा।।"

 

 

 

लोकतंत्र की चौसर और सत्ता के खिलाड़ी

कविता खूब जानती है कि उसकी प्रतिबद्धता लोकतंत्र से अलग नहीं हो सकती। लोकतंत्र कमजोर होता है तो उसकी पहली चोट कविता पर पड़ती है। इसीलिए उसकी चौकस नजर लोकतंत्र पर रहती है। वह लोकतंत्र को भीतर से खोखला करने वाले चेहरों और उसकी आड़ में अपना खेल खेलने वाले खिलाड़ियों को पहचानती है। वह देख रही है,

"लोकतंत्र पर कपट-कुल्हाड़ी!

लक्कड़बग्घों के लक्कड़हारे देखो म्यूट चलाते आरी,

चौसर बिछी हुई है साधो एक से बढ़कर एक खिलाड़ी।"

विकास के सब्जबाग और जश्न के पीछे का सच

लोकतंत्र के इन कपटी खिलाड़ियों के करतबों पर कविता चुप नहीं रहती। वह विकास के सब्जबाग के पीछे छिपे छलावे को बेनकाब करती है—

"सब्जबाग दिखलाए माली!

सभी तरक्की नकली साधो सारे सपने जाली,

जलसाघर में जश्न का आलम खूब बज रही ताली।"

जनतंत्र से व्यक्तितंत्र तक : सत्ता के अहंकार का चेहरा

कविता सत्ता के इस जश्न के पीछे छिपे अहंकार को भी पहचानती है। उसे सिंहासन पर बैठा वह चेहरा दिखाई देता है, जिसके लिए लोकतंत्र जनभागीदारी नहीं, अपने व्यक्तित्व का प्रदर्शन बनकर रह गया है—

"पगड़ी बाँधे पूरा थान!

ऐंठा बैठा सिंहासन पर छप्पन इंच लिए अभिमान।"

नागार्जुन की प्रतिबद्धता : बहुजन समाज से आत्मालोचन तक

प्रतिबद्धता की बात चली तो कविता अपने कोठार से नागार्जुन की ये पंक्तियां निकाल लाती है :

प्रतिबद्ध हूँ

जी हाँ, प्रतिबद्ध हूँ—

बहुजन समाज की अनुपल प्रगति के निमित्त…

संकुचित ‘स्व’ की आपाधापी के निषेधार्थ…

अविवेकी भीड़ की ‘भेड़िया-धसान’ के खिलाफ़…

अंध-बधिर ‘व्यक्तियों’ को सही राह बतलाने के लिए…

अपने आपको भी ‘व्यामोह’ से बार-बार उबारने की खातिर…

प्रतिबद्ध हूँ, जी हाँ, शतधा प्रतिबद्ध हूँ!

नागार्जुन की इन पंक्तियों में कविता को अरविंद चतुर्वेद की काव्य-दृष्टि का अक्स दिखाई देता है। यहाँ प्रतिबद्धता का अर्थ किसी विचार, व्यक्ति या सत्ता के प्रति अंधनिष्ठा नहीं, बल्कि बहुजन समाज, विवेक और आत्मालोचन के प्रति जवाबदेही है। अविवेकी भीड़ के साथ बहने से इनकार करना भी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

किसी खेमे की नहीं, मनुष्य और लोकतंत्र की पक्षधरता

अरविंद चतुर्वेद की कविता सत्ता से सवाल करती है, दरबारी कवियों की खबर लेती है और जनता के संघर्ष में उसके साथ खड़ी होती है। वह दूसरों को आईना दिखाने के साथ अपने भीतर झांकने का साहस भी रखती है। इसीलिए कविता की प्रतिबद्धता किसी खेमे की वफादारी नहीं, मनुष्य और लोकतंत्र के पक्ष में खड़े होने का साहस है।

कविता का मौन उसकी मृत्यु है और उसका प्रतिरोध ही उसकी जीवंतता का प्रमाण।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow