कोलकाता में 19 मार्च को निकलेगी वैदिक नववर्ष की भव्य शोभायात्रा
आर्य प्रतिनिधि सभा बंगाल और आर्य वीर दल बंगाल के तत्वावधान में 19 मार्च 2026 को कोलकाता में आर्य समाज स्थापना दिवस और वैदिक नववर्ष पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 15 मार्च को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी।
कोलकाता। आर्य प्रतिनिधि सभा बंगाल तथा प्रांतीय आर्य वीर दल बंगाल के संयुक्त तत्वावधान में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर आर्य समाज स्थापना दिवस एवं वैदिक नववर्ष का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 19 मार्च 2026 (गुरुवार) को प्रातः 10 बजे से कोलकाता में एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो वैदिक संस्कृति, भारतीय परंपरा और सामाजिक जागरण का संदेश देगी।
इस कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि दयानंद भवन, 4 शंकर घोष लेन, कोलकाता से होगी। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार वैदिक परंपरा के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को सृष्टि का प्रथम दिवस और वैदिक नववर्ष का प्रारंभ माना जाता है। इसी दिन से भारतीय कालगणना के अनेक संवतों का आरम्भ भी होता है।
आयोजकों का कहना है कि यह उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय सांस्कृतिक चेतना, वैदिक विचारधारा और सामाजिक जागरण का प्रतीक है। प्रकृति में नवजीवन और नई ऊर्जा के साथ आरंभ होने वाला यह दिन भारतीय परंपरा में विशेष महत्व रखता है।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया को देने के लिए 15 मार्च 2026 को अपराह्न 2 बजे महर्षि दयानंद भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें आर्य समाज के विद्वान आचार्य और पदाधिकारी आयोजन के उद्देश्य, कार्यक्रम की रूपरेखा और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालेंगे।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों आचार्य योगेश शास्त्री, दीनदयाल गुप्त तथा आशीष मंडल ने शहर के नागरिकों से इस सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल होकर सनातन संस्कृति और वैदिक परंपरा के गौरव को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है।
What's Your Reaction?

