यूथ पार्लियामेंट-2026 प्रतियोगिता में हाजी नगर आदर्श हिंदी विद्यालय को मिला द्वितीय स्थान

यूथ पार्लियामेंट-2026 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हाजी नगर आदर्श हिंदी विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जानिए विद्यार्थियों की भागीदारी और शिक्षकों के योगदान की पूरी खबर।

Oct 9, 2026 - 21:54
 0
यूथ पार्लियामेंट-2026 प्रतियोगिता में हाजी नगर आदर्श हिंदी विद्यालय को मिला द्वितीय स्थान
यूथ पार्लियामेंट-2026 प्रतियोगिता

बारासात में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, विद्यालय परिवार ने जताई खुशी

हाजीनगर, 9 अक्तूबर 2026। पश्चिम बंगाल सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 6 से 8 अक्तूबर 2026 तक आयोजित जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट-2026 प्रतियोगिता में हाजी नगर आदर्श हिंदी विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। बारासात स्थित बनवालीपुर प्रियानाथ इंस्टीट्यूशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और अपने प्रदर्शन से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से सोनम चौधरी, विनीता यादव, अरुण साव, राजाराम यादव, क्रीति साव, अंशु यादव, प्रतिज्ञा कुमारी, हैयात फिरदौस, लक्ष्य चौधरी, गुलनार जहां, संजय चौधरी, अंशु मिश्रा, आलिया सिद्दीकी, आरूशी चौबे, रमन रविदास, पीनू यादव और स्नेहा कुमारी साव सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास और तैयारी का परिणाम रहा कि विद्यालय को जिला स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल हुआ।

विद्यालय के शिक्षक प्रभारी देवेन्द्र नाथ दूबे ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में मिली सफलता से विद्यालय का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, शिक्षाकर्मियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास को दिया।

इस प्रतियोगिता की तैयारी और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में मेंटर ब्रजभूषण कुमार एवं श्रीलेखा दे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके अथक परिश्रम, निरंतर सहयोग और उचित दिशा-निर्देश से विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली। सहायक शिक्षक श्री असित कुमार पांडेय की भूमिका भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

विद्यालय की इस सफलता से शिक्षकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों में संसदीय लोकतंत्र, लोकतांत्रिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता के विकास की दिशा में विद्यालय के प्रयासों को भी रेखांकित करती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

सुशील कुमार पाण्डेय मैं, अपने देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनने की यात्रा पर हूँ, यही मेरी पहचान है I