मेदिनीपुर समन्वय संस्था का पंद्रहवां स्थापना दिवस गरिमामय ढंग से संपन्न
पश्चिम मेदिनीपुर की सामाजिक संस्था मेदिनीपुर समन्वय संस्था का 15वां स्थापना दिवस खड़गपुर के बर्जटाउन स्थित कार्यालय में ध्वजारोहण, माल्यार्पण और सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ सम्पन्न हुआ। संस्था के इतिहास व गतिविधियों पर चर्चा हुई और दिवंगत सदस्य जलद बरण दास का गीत प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

खड़गपुर, पश्चिम मेदिनीपुर। सामाजिक संस्था मेदिनीपुर समन्वय संस्था का 15वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यह आयोजन शहर क्षेत्रीय इकाई के बर्जटाउन स्थित कार्यालय में सम्पन्न हुआ।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने से हुई, जिसे केंद्रीय समिति और शहर इकाई के सलाहकार मंडल के सदस्य सेवानिवृत्त प्रोफेसर मोंतुराम जाना ने फहराया। इसके उपरांत शहीद मीनार पर माल्यार्पण किया गया तथा संगठन के चार प्रेरणास्रोत आइकॉन – ईश्वरचंद्र विद्यासागर, मातंगिनी हाजरा, खुदीराम बोस और देशप्राण बिरेंद्रनाथ शासमल की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इनमें केंद्रीय समिति के संयुक्त सचिव मृत्युञ्जय खाटुआ, इकाई के पूर्व अध्यक्ष माणिक चंद्र घाटा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल थे। समारोह में संस्था के संक्षिप्त इतिहास, उसकी गतिविधियों और सामाजिक योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के दिवंगत सदस्य जलद बरण दास द्वारा लिखित संगठन-गीत का सामूहिक प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसने उपस्थित सभी को भावुक कर दिया।
What's Your Reaction?






