लाल बाबा कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन

लाल बाबा कॉलेज, बेलूर में हिंदी विभाग की ओर से हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं, लोकनृत्य और ‘नारी के सशक्तीकरण’ विषयक नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा, साहित्य और सामाजिक चेतना के प्रति अपनी प्रतिभा एवं प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

Oct 6, 2026 - 21:23
 0
लाल बाबा कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन
लाल बाबा कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन

विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति समर्पण का दिया संदेश

बेलूर, 6 अक्तूबर। लाल बाबा कॉलेज, बेलूर के हिंदी विभाग की ओर से मंगलवार को महाविद्यालय के सरत सभा गृह में हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। परीक्षाओं के कारण इस वर्ष हिंदी दिवस समारोह का आयोजन 6 अक्तूबर को किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि साहित्य अकादमी, कोलकाता के क्षेत्रीय सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार देवेश रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. ललित कुमार झा तथा अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया गया। मह्रोज़ इकबाल अंसारी, ईशा चौधरी, खुशी चौधरी, स्नेहा गुप्ता एवं सुमन साहनी ने गणेश वंदना प्रस्तुत की।

समारोह में प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने उद्घाटन वक्तव्य दिया, जबकि हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. ललित कुमार झा ने अध्यक्षीय वक्तव्य प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि डॉ. देवेंद्र कुमार देवेश के साथ डॉ. नीलम मिश्रा, डॉ. शिवानी गुप्ता, डॉ. पापिया शॉ, डॉ. पुष्पा मल्ला, डॉ. रेखा त्रिपाठी एवं श्री प्रीतम रजक ने हिंदी दिवस के महत्व, हिंदी भाषा की वर्तमान भूमिका तथा विद्यार्थियों के साहित्यिक एवं रचनात्मक विकास पर अपने विचार व्यक्त किए।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

समारोह के अंतर्गत विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, काव्य आवृत्ति प्रतियोगिता, आशुभाषण, लोकनृत्य तथा नाट्य प्रस्तुति सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोकनृत्य में अंजलि बैथा, इति यादव, खुशी चौधरी, ईशा चौधरी, खुशी राय, स्नेहा गुप्ता एवं खुशी सिंह ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। काव्य आवृत्ति प्रतियोगिता में अमित राय ने प्रथम, आर्यन शॉ एवं ईशा चौधरी ने द्वितीय तथा आर्चित यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आशुभाषण प्रतियोगिता में आर्चित यादव प्रथम, युवराज राय द्वितीय तथा प्रीति शॉ तृतीय रहे। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मधु शॉ एवं अंजलि बैथा की टीम ने प्रथम तथा बरुण दास एवं युवराज राय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

‘नारी के सशक्तीकरण’ पर नाटक ने खींचा ध्यान

समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘नारी के सशक्तीकरण’ विषय पर प्रस्तुत नाटक रहा। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता और समानता का प्रभावी संदेश दिया। इसमें ईशा चौधरी, अमित राय, युवराज राय, समीर राजबंशी, आर्चित यादव, स्नेहा गुप्ता, सुमन साहनी, मह्रोज़ इकबाल अंसारी, प्रीति शॉ, आर्यन शॉ एवं धनंजय पांडेय सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

समारोह का संचालन आर्चित यादव तथा सह-संचालन मह्रोज़ इकबाल अंसारी ने किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रेखा त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समूचा समारोह हिंदी भाषा, साहित्य एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बना। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने हिंदी दिवस समारोह को सफल और सार्थक बना दिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

सुशील कुमार पाण्डेय मैं, अपने देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनने की यात्रा पर हूँ, यही मेरी पहचान है I