काचरपाड़ा के रजनीश मिश्रा को फिल्म अध्ययन में स्वर्ण पदक
वर्धा स्थित महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में रजनीश कुमार मिश्रा को फिल्म अध्ययन में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
वर्धा, 16 अप्रैल 2026 । काचरपाड़ा (उत्तर 24 परगना) के युवा फिल्म निर्माता रजनीश कुमार मिश्रा ने सिनेमा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए फिल्म अध्ययन में स्नातकोत्तर स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। यह सम्मान उन्हें महाराष्ट्र के वर्धा स्थित महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में आयोजित छठवें दीक्षांत समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
इस भव्य समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह में पीएचडी एवं स्नातकोत्तर स्तर के उत्कृष्ट छात्रों को उपाधियाँ एवं स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।
रजनीश कुमार मिश्रा, जो अभय कुमार मिश्रा के पुत्र हैं, ने वर्ष 2021-2023 के दौरान फिल्म अध्ययन में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उन्हें विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा द्वारा स्वर्ण पदक एवं उपाधि प्रदान की गई।
अपनी सफलता पर रजनीश ने कहा कि यह उपलब्धि उनके गुरुजनों और माता-पिता के मार्गदर्शन एवं समर्थन का परिणाम है। वर्तमान में वे गुरुग्राम (हरियाणा) स्थित एपीजे सत्या यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं और साथ ही फिल्म निर्माण के विभिन्न प्रोजेक्ट्स से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में 8 विद्यापीठ एवं 27 विभाग संचालित हैं, जहाँ कुल 1504 विद्यार्थियों में से 104 छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। विश्वविद्यालय में 456 अंतरराष्ट्रीय छात्र भी अध्ययनरत हैं, जो इसकी वैश्विक पहचान को दर्शाता है।
What's Your Reaction?

