नराकास कृष्णानगर की प्रथम छमाही समीक्षा बैठक संपन्न, 69 विजेताओं को सम्मानित
कृष्णानगर में नराकास की प्रथम छमाही समीक्षा बैठक संपन्न हुई। राजभाषा हिंदी के प्रचार, तिमाही रिपोर्ट, भाषा प्रशिक्षण पर चर्चा हुई और 69 विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कृष्णानगर, 17 अप्रैल। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), कृष्णानगर की प्रथम छमाही समीक्षा बैठक एवं सह-कार्यशाला का आयोजन होटल हवेली के सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारत सरकार, गृहमंत्रालय के राजभाषा विभाग, क्षेत्रीय कार्यालय कोलकाता से विशेष अतिथि ओमप्रकाश प्रसाद तथा अध्यक्षता पंजाब नेशनल बैंक के अध्यक्ष ब्रजमोहन पंडा ने की।
बैठक का संचालन सदस्य सचिव संजय प्रसाद गोंड ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं उपस्थित सदस्यों के परिचय सत्र से हुआ। अध्यक्ष ब्रजमोहन पंडा ने अपने संबोधन में राजभाषा हिंदी के महत्व को रेखांकित करते हुए सभी सदस्य कार्यालयों की गतिविधियों एवं राजभाषा कार्यान्वयन के प्रयासों की सराहना की।
विशेष अतिथि ओमप्रकाश प्रसाद ने तिमाही प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध एवं त्रुटिरहित जमा करने, गृह मंत्रालय के निर्देशों का अनुपालन करने तथा ऑनलाइन पंजीकरण की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की दूसरी बटालियन के प्रतिनिधि विनोद कुमार राय ने समिति की नवीन सदस्यता ग्रहण करने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा पूर्ण सहभागिता का आश्वासन दिया। वहीं सीमा सुरक्षा बल की 161वीं बटालियन से आए रुपेश कुमार सिंह ने नराकास कृष्णानगर से जुड़ने पर आभार व्यक्त किया।
भारतीय खाद्य निगम के मंडल प्रबंधक सोमाजोय मजूमदार ने भाषा प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए भविष्य के आयोजनों में अधिकतम सहयोग देने की सहमति जताई।
कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में आयोजित 12 प्रतियोगिताओं के विभिन्न कार्यालयों से आए 69 विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक (राजभाषा) सुरेन्द्र भारती ने किया।
What's Your Reaction?

