नराकास कोलकाता की छमाही समीक्षा बैठक, हिंदी के प्रयोग पर जोर
नराकास (उपक्रम), कोलकाता की 2026-27 की पहली छमाही समीक्षा बैठक में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा हुई। हिंदी को कार्यालयीन कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
कोलकाता, 29 अगस्त 2026। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), कोलकाता की वर्ष 2026-27 की पहली छमाही समीक्षा बैठक शनिवार को ताज सिटी सेंटर, न्यूटाउन, कोलकाता में आयोजित की गई। नराकास (उपक्रम) के अध्यक्ष एवं कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) मुकेश चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग तथा आगामी छमाही की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय–पूर्वी क्षेत्र के उप निदेशक डॉ. विचित्रसेन गुप्त ने सदस्य कार्यालयों की छमाही प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में सदस्य कार्यालयों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए हिंदी के प्रयोग को और व्यापक, सहज एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के सीएमडी अनुपम मिश्रा, बंगाल केमिकल्स एंड फार्मास्यूटिकल्स के एमडी कुमार घोष, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यपालक निदेशक आदिश कुमार गुप्ता, ओएनजीसी के कार्यकारी निदेशक मानस कुमार नाथ, एनएचपीसी के समूह महाप्रबंधक शशधर दास तथा केंद्रीय भंडारण निगम के क्षेत्रीय प्रमुख अभिषेक आनंद सहित विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की।
अपने संबोधनों में अधिकारियों ने राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो के वरिष्ठ सलाहकार ए. के. वास्तव एवं केंद्रीय हिंदी प्रशिक्षण संस्थान के सहायक निदेशक लखन कुमार सिंह ने अपने-अपने संस्थानों की गतिविधियों तथा हिंदी से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
नराकास के सदस्य-सचिव एवं कोल इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक (राजभाषा/मानव संसाधन) राजेश वी. नायर ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने आगामी छमाही में समिति की ओर से आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की रूपरेखा पर भी चर्चा की।
बैठक के दौरान सदस्य-सह-सचिव राजेश कुमार साव, प्रबंधक (राजभाषा), कोल इंडिया लिमिटेड ने तिमाही प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं प्रियांशु प्रकाश, उप प्रबंधक (राजभाषा), कोल इंडिया लिमिटेड ने समिति द्वारा संपन्न राजभाषा गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। समिति के कोषाध्यक्ष गजानन दुबे ने वार्षिक वित्तीय रिपोर्ट पेश की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यालय सम्मानित
बैठक में वर्ष 2025-26 की वार्षिक राजभाषा कार्यान्वयन शील्ड उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यालयों को प्रदान की गई। इसके साथ ही कार्यालयीन पत्रिकाओं को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। फरवरी से अगस्त 2026 के बीच नराकास द्वारा आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नराकास (उपक्रम), कोलकाता की अर्धवार्षिक पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ के 34वें अंक का विमोचन भी किया गया। पत्रिका को हिंदी के रचनात्मक एवं कार्यालयीन प्रयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में समिति की महत्वपूर्ण पहल के रूप में रेखांकित किया गया।
हिंदी को कार्य-संस्कृति का सहज हिस्सा बनाने का संकल्प
बैठक में इस संकल्प को दोहराया गया कि राजभाषा हिंदी का प्रयोग केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि यह कार्यालयीन कार्य-संस्कृति का सहज, प्रभावी और नियमित हिस्सा बने। सदस्य कार्यालयों से राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया गया।
बैठक में नराकास से संबद्ध विभिन्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों एवं सरकारी कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा राजभाषा अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन राजकुमार महतो, प्रबंधक, बीपीसीएल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सु शिवानी गरगश, वरिष्ठ प्रबंधक, कोलकाता एयरपोर्ट ने प्रस्तुत किया।
What's Your Reaction?

