32वें हिंदी मेले में बाबुषा कोहली को मिलेगा निर्मल वर्मा साहित्य सम्मान-2026

जबलपुर की युवा हिंदी लेखिका बाबुषा कोहली को 32वें हिंदी मेले में निर्मल वर्मा साहित्य सम्मान-2026 प्रदान किया जाएगा। सम्मान के तहत 11 हजार रुपये, स्मृति चिह्न और मानपत्र दिए जाएँगे।

Nov 28, 2026 - 06:23
 0
32वें हिंदी मेले में बाबुषा कोहली को मिलेगा निर्मल वर्मा साहित्य सम्मान-2026
बाबुषा कोहली

कोलकाता, 27 नवंबर। कोलकाता की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन और भारतीय भाषा परिषद ने जबलपुर की युवा हिंदी लेखिका बाबुषा कोहली को वर्ष 2026 का ‘निर्मल वर्मा साहित्य सम्मान’ प्रदान करने की घोषणा की है। उन्हें यह सम्मान 32वें हिंदी मेले के अंतर्गत 27 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘कोलकाता कविता उत्सव’ के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।

सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन के संयुक्त महासचिव प्रो. संजय जायसवाल ने बताया कि सम्मान स्वरूप बाबुषा कोहली को 11 हजार रुपये की सम्मान राशि, स्मृति चिह्न और मानपत्र प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान हिंदी मेले में परमेश्वरी देवी पोद्दार की स्मृति में उनकी सुपुत्री श्रीमती शशि बायंवाला के सौजन्य से प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है।

सम्मान के लिए गठित निर्णायक समिति में वरिष्ठ आलोचक शंभुनाथ, रामनिवास द्विवेदी, मृत्युंजय श्रीवास्तव, सुशील कांति और राजेश साव शामिल थे।

लेखन के क्षेत्र में लगभग दो दशकों से सक्रिय बाबुषा कोहली ने कविता, कहानी और अन्य साहित्यिक विधाओं में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी प्रमुख प्रकाशित पुस्तकों में ‘प्रेम गिलहरी दिल अखरोट’ (2014), ‘बावन चिट्ठियां’ (2018), ‘भाप के घर में शीशे की लड़की’ (2021), ‘तट से नहीं.. पानी से बंधती है नाव’ (2021), ‘उस लड़की का नाम ब्रह्मलता है’ (2023), ‘मिजराब’ (2023), ‘लौ’ (2025) और ‘सत्य मधुमक्खी का छत्ता है’ (2026) शामिल हैं।

बाबुषा कोहली को ‘निर्मल वर्मा साहित्य सम्मान-2026’ दिए जाने की घोषणा को समकालीन हिंदी साहित्य और युवा रचनाशीलता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 32वें हिंदी मेले में आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह साहित्यप्रेमियों और हिंदी जगत के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

सुशील कुमार पाण्डेय मैं, अपने देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनने की यात्रा पर हूँ, यही मेरी पहचान है I