रानीगंज में राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा तोड़ने पर जाँच की माँग

रानीगंज में महापंडित राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और निंदा प्रस्ताव की माँग की गई।

Jul 20, 2026 - 16:22
 0
रानीगंज में राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा तोड़ने पर जाँच की माँग
राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा तोड़ने पर जाँच की माँग

कोलकाता/रानीगंज, 20 जुलाई। पश्चिम बंगाल के रानीगंज में महापंडित राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को लेकर मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जाँच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा राज्य सरकार की ओर से सार्वजनिक निंदा प्रस्ताव जारी करने की माँग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि राहुल सांकृत्यायन केवल हिंदी साहित्य के महान लेखक ही नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान-परंपरा, इतिहास, दर्शन, लोकसंस्कृति और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के वैश्विक प्रतिनिधि रहे हैं। उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना भारतीय सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात के समान है।

ज्ञापन भेजने वाले महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, कोलकाता केंद्र के गांधी एवं शांति अध्ययन के स्नातकोत्तर छात्र सुशील कुमार पाण्डेय ने माँग की है कि घटना की निष्पक्ष जाँच कर दोषियों की शीघ्र पहचान की जाए और उनके विरुद्ध विधिसम्मत एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, राज्य सरकार इस घटना की सार्वजनिक निंदा करे ताकि साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रीय विरासत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट कर सके।

ज्ञापन में क्षतिग्रस्त प्रतिमा का शीघ्र पुनर्स्थापन करने तथा राज्यभर में महापुरुषों, साहित्यकारों और सांस्कृतिक विभूतियों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने की भी माँग की गई है। पत्र में कहा गया है कि ऐसी घटनाओं पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

सुशील कुमार पाण्डेय मैं, अपने देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनने की यात्रा पर हूँ, यही मेरी पहचान है I