‘फुले’ पर सेंसरशिप से भड़के अनुराग कश्यप, सरकार पर उठाए सवाल

प्रतीक गांधी की आगामी फिल्म फुले रिलीज से पहले ही चर्चा में है। यह फिल्म पहले 11 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन एक समुदाय के विरोध के बाद इसकी रिलीज टाल दी गई। अब यह 25 अप्रैल को सिनेमाघरों में आएगी।

Apr 18, 2025 - 19:05
Apr 18, 2025 - 19:06
 0
‘फुले’ पर सेंसरशिप से भड़के अनुराग कश्यप, सरकार पर उठाए सवाल
अनुराग कश्यप व फुले फिल्म का पोस्टर

सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने फिल्म को यूसर्टिफिकेट दिया है, लेकिन कई संशोधनों की शर्त भी रखी है। इस फैसले से फिल्म निर्माता और निर्देशक अनुराग कश्यप नाराज हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली है।

 अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर सरकार और सीबीएफसी पर निशाना साधा। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “धड़क 2 की स्क्रीनिंग में सीबीएफसी ने कहा कि पीएम मोदी ने भारत में जाति व्यवस्था खत्म कर दी है। इसी आधार पर संतोष भी भारत में रिलीज नहीं हुई। अब कुछ ब्राह्मणों को फुले से दिक्कत है। अगर जाति व्यवस्था ही नहीं है, तो फिर यह विरोध क्यों? अगर जाति व्यवस्था नहीं थी, तो ज्योतिबा और सावित्रीबाई फुले को इसके खिलाफ लड़ने की क्या जरूरत थी? या तो ब्राह्मणवाद का कोई अस्तित्व नहीं, जैसा कि मोदी जी के हिसाब से कहा जा रहा है, या फिर सब मिलकर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। साफ करो कि भारत में जातिवाद है या नहीं?”

 अनुराग ने अपने निजी अनुभव को साझा करते हुए कहा, “मेरी जिंदगी का पहला नाटक ज्योतिबा और सावित्रीबाई फुले पर था। अगर इस देश में जाति व्यवस्था नहीं थी, तो उन्हें लड़ने की क्या जरूरत थी? क्या कुछ ब्राह्मणों को शर्मिंदगी हो रही है, या वे किसी अलग भारत में रह रहे हैं, जो हम नहीं देख पा रहे?”

उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी कई पोस्ट किए, जिसमें उन्होंने लिखा,  पंजाब 95, तीस, धड़क 2, फुले... पता नहीं कितनी फिल्में, जो जातिवाद, क्षेत्रवाद और नस्लवाद जैसे मुद्दों को उजागर करती हैं, उन्हें रोक दिया गया। इन्हें सच का सामना करने में शर्मिंदगी महसूस होती है। ये खुलकर यह भी नहीं बता सकते कि फिल्म में ऐसा क्या है, जो उन्हें परेशान कर रहा है।

 अनुराग कश्यप के इन बयानों ने सेंसरशिप, अभिव्यक्ति की आजादी और सामाजिक मुद्दों पर फिल्म निर्माण की चुनौतियों को लेकर बहस छेड़ दी है। जैसे-जैसे फुले की रिलीज नजदीक आ रही है, यह फिल्म और इसके इर्द-गिर्द का विवाद सुर्खियों में बना हुआ है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

न्यूज डेस्क जगाना हमारा लक्ष्य है, जागना आपका कर्तव्य